Home > प्रदेश > बिहार > राजगीर में बनेगा भूटान मोनेस्ट्री टेंपल, नीतीश बोले वहां से ये बात सीखे भारत

राजगीर में बनेगा भूटान मोनेस्ट्री टेंपल, नीतीश बोले वहां से ये बात सीखे भारत

राजगीर में बनेगा भूटान मोनेस्ट्री टेंपल, नीतीश बोले वहां से ये बात सीखे भारत

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने...Editor

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि भूटान की संस्कृति व सभ्यता को अपनाने की जरूरत है। वहां दौलत नहीं बल्कि हैप्पीनेस की बात की जाती है। वहां चाहे कोई कितना बड़ा हो, संपत्ति वाला हो पर वहां की संस्कृति में सबसे ज्यादा पर्यावरण व हैप्पीनेस पर ध्यान दिया जाता है। यह भारत समेत अन्य देशों के लिए भी अनुकरणीय है। भूटान में ग्रास हैप्पीनेस सूचकांक से देश के लोगों की खुशहाली मापी जाती है।

रविवार को भूटान के धर्मगुरु के साथ संयुक्त रूप से राजगीर में दो एकड़ रकबे में भूटान मोनेस्ट्री टेंपल के शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सभा को संबोधित कर रहे थे।

नीतीश कुमार ने कहा कि भारत व भूटान के मैत्री संबंध के आज 50 वर्ष हो गए हैं। इसी गोल्डन जुबली को यादगार बनाने के लिए राजगीर में भूटान मोनेस्ट्री टेंपल की बुनियाद रखी गई है। इस मंदिर के लिए राज्य सरकार ने भूटान सरकार को दो एकड़ जमीन मुहैया कराई है।

सीएम ने कहा कि जब वे 2011 में भूटान गए थे तो वहां की संस्कृति से काफी प्रभावित हुए थे। वहां पर पर्यावरण और हैप्पीनेस बनाए रखने की सभ्यता की पढ़ाई की जाती है।

सीएम ने कहा कि राजगीर की पंच पहाडिय़ों में जू सफारी के अलावा ग्रीन सफारी भी बनाया जा रहा है। आने वाले दिनों में वैशाली व पटना में भी बुद्ध से जुड़ी कई यादें संग्रहालय में देखने को मिलेंगी। उन्होंने धर्मगुरु व अन्य भूटानी पर्यटकों को विश्वास दिलाया कि उनके उपदेशों से बिहार के लोग भी पर्यावरण संरक्षण के रास्ते पर चलने को बाध्य होंगे।

भूटान के धर्मराज जे खेनपो टूयेल्कू जिम्मे ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि राजगीर में विश्वशांति के लिए 9 दिन विशेष पूजा की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर भारत आसमान है, तो भूटान उसके सूर्य और चंद्रमा के समान है।

मौके पर भूटान के गृह सचिव सोनाम तोक्यो, भूटान के काउंसलेट जनरल ढिल्ले वांगचुक, वित्त सचिव नीम दोर्जी, संस्कृति मंत्रालय के मैनेङ्क्षजग डायरेक्टर कर्मा वीजेर, बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेन्द्र कुमार राजगीर विधायक रवि ज्योति, इस्लामपुर विधायक चंद्रसेन, अस्थावां विधायक डॉ जितेंद्र कुमार, कई प्रमुख लामा और गण्यमान्य हस्तियां मौजूद थीं।

Tags:    
Share it
Top