खुली गाड़ी से ले जाया जाएगा अस्थि कलश, ब्रह्मावर्त घाट पर होगा वाजपेयी जी की अस्थियों का विसर्जन

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां गंगा में बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट पर 20 अगस्त को विसर्जित की जाएंगी। शनिवार देर शाम अस्थि विसर्जन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया। अस्थि कलश को जनता दर्शन के लिए जाजमऊ से बिठूर के बीच खुली गाड़ी में शहर के बीच से ले जाया जाएगा।
वाजपेयी के अस्थि कलश को प्रदेश के जिला मुख्यालयों से होकर गुजरने वाली नदियों में प्रवाहित करने का कार्यक्रम है।
प्रदेश मुख्यालय से तय किया गया है कि जिला मुख्यालयों और जिन स्थानों से अटल का सीधे रिश्ता जुड़ा है, वहां पर अस्थि कलश विसर्जन किया जाएगा। शहर में विसर्जन के लिए सोमवार का दिन तय किया गया है। वहां से शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए उसे बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट ले जाया जाएगा। देर शाम भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, उत्तर जिला इकाई अध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी और दक्षिण इकाई जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता से भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बात हुई।
अस्थि कलश का दर्शन कर अपने नेता को दे सकेंगे श्रद्धांजलि
इसके बाद तय हुआ कि अस्थि कलश को जनता दर्शन के लिए एक जगह रखने के बजाए उसे एक खुली गाड़ी में रखकर पूरे शहर के बीच से घाट तक ले जाया जाए। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग अस्थि कलश का दर्शन कर अपने नेता को श्रद्धांजलि दे सकेंगे। अस्थि विसर्जन कार्यक्रम में कौन-कौन प्रमुख लोग आएंगे यह अभी तय नहीं है। इसका फैसला रविवार को होगा। मैथानी ने बताया कि बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट पर शाम चार बजे विसर्जन का समय रखा गया है।
जाजमऊ, हरजेंदरनगर, लालबंगला, पंडित उपवन, राकेट तिराहा, नरौना चौराहा, फूलबाग, बड़ा चौराहा, परेड, लाल इमली, चुन्नीगंज, मोतीझील, हैलट गोल चौराहा, रावतपुर स्टेशन के सामने से कंपनी बाग चौराहा से विष्णुपुरी से गंगा बैराज, बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट।