Home > प्रदेश > उत्तराखंड > निकाय चुनाव में अनुशासनहीनता को लेकर कांग्रेस हाईकमान हुआ सख्त, दी ये बड़ी चेतावनी

निकाय चुनाव में अनुशासनहीनता को लेकर कांग्रेस हाईकमान हुआ सख्त, दी ये बड़ी चेतावनी

निकाय चुनाव में अनुशासनहीनता को लेकर कांग्रेस हाईकमान हुआ सख्त, दी ये बड़ी चेतावनी

उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव...Editor

उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन से कांग्रेस हाईकमान संतुष्ट है। प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने चुनाव नतीजों पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की पीठ थपथपाई तो साथ में चुनाव के बाद छोटे से लेकर बड़े नेताओं की बयानबाजी पर सख्त रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दे डाली।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रचार समन्वयक धीरेंद्र प्रताप, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री विजय सारस्वत, शिल्पी अरोड़ा, एसपी सिंह इंजीनियर, अनुपम शर्मा, महेश शर्मा ने गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह से मुलाकात की।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश संगठन की ओर से निकाय चुनाव को लेकर रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को सौंपी। रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के 13 जिला मुख्यालयों की नगरपालिका परिषदों में सात में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। वहीं दो नगर निगमों में कांग्रेस का खाता खुला है।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रचार समन्वयक धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रदेश प्रभारी ने निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रदेश अध्यक्ष और उनकी टीम की पीठ थपथपाई। वहीं चुनाव नतीजे आने के बाद कुछ नेताओं की बयानबाजी पर कड़ा रुख अपनाया है।

उन्होंने कहा कि प्रभारी ने पार्टी में अनुशासनहीनता बढ़ने पर पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। प्रभारी ने उन्हें यह भी बताया कि प्रदेश में अनुशासनहीनता के मामलों पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का रुख काफी सख्त है।

गौरतलब है कि नगर निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत व पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने टिप्पणी कर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व पर निशाना साधा था। प्रदेश प्रभारी के इस रुख को प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के लिए राहत का सबब माना जा रहा है।

कार्यकारिणी का गठन अगले माह

प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन राजस्थान चुनाव के बाद होगा। अगले माह दिसंबर के पहले पखवाड़े के भीतर नई कार्यकारिणी घोषित की जा सकती है। इसके संकेत प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने पार्टी नेताओं को दिए।

Tags:    
Share it
Top