Home > प्रदेश > उत्तराखंड > भाजपा नेताओं की मुराद होगी, संवैधानिक पदों पर जल्द नियुक्तियां

भाजपा नेताओं की मुराद होगी, संवैधानिक पदों पर जल्द नियुक्तियां

भाजपा नेताओं की मुराद होगी, संवैधानिक पदों पर जल्द नियुक्तियां

पिछले लगभग पौने दो साल से...Editor

पिछले लगभग पौने दो साल से दायित्वों की बाट जोह रहे भाजपा नेताओं की मुराद अब जल्द पूरी होने जा रही है। भाजपा प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में इस पर सहमति बन गई। पहले मंत्री पद के दर्जे के समकक्ष संवैधानिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। बैठक में हालांकि, निकाय चुनाव में पार्टी के जोरदार प्रदर्शन पर नेताओं की पीठ तो थपथपाई गई, लेकिन चुनाव नतीजों को लेकर सामने आई बयानबाजी को अनावश्यक करार देते हुए इस पर लगाम लगाने की हिदायत भी पार्टी नेताओं को दी गई। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी बैठक में मंथन हुआ।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू की मौजूदगी में पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक हुई। नगर निकाय में मिली सफलता का जिक्र करते हुए बैठक में कहा गया कि पिछले 20 सालों में पार्टी का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। कहा गया कि जनता ने पार्टी की रीति-नीति और केंद्र व प्रदेश सरकार के कामकाज पर मुहर लगाई है।

हालांकि, चुनाव के बाद कुछ निकायों में पार्टी नेताओं के मध्य चली जुबानी जंग पर विराम लगाने की हिदायत दी गई। सहकारिता चुनाव में मिली सफलता पर भी पार्टी नेताओं की पीठ थपथपाई गई। सरकार में दायित्व वितरण पर भी चर्चा हुई और कहा गया कि इसमें अब देरी नहीं की जानी चाहिए। हालांकि, इस मसले को मुख्यमंत्री के विवेक पर छोड़ दिया गया। बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए बूथ मैनेजमेंट पर अभी से खास ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि 16 दिसंबर को प्रदेशभर में विजय दिवस मनाया जाएगा और 25 दिसंबर को राज्य में आयुष्मान भारत योजना लॉन्च होनी है। सभी पार्टीजन इन कार्यक्रमों बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर पार्टी की प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक ऋषिकेश में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए संभावित रूप से 19-20 जनवरी की तिथि तय की गई।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद भगत सिंह कोश्यारी व डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, डॉ.हरक सिंह रावत, राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, महामंत्री नरेश बंसल व खजानदास मौजूद थे।

Tags:    
Share it
Top