Home > प्रदेश > उत्तराखंड > पांच साल बाद गंगोत्री हाईवे पर इस जगह बना हिमखंड, हो सकता है और भी विशाल

पांच साल बाद गंगोत्री हाईवे पर इस जगह बना हिमखंड, हो सकता है और भी विशाल

पांच साल बाद गंगोत्री हाईवे पर इस जगह बना हिमखंड, हो सकता है और भी विशाल

अच्छी बर्फबारी के कारण इस बार...Editor

अच्छी बर्फबारी के कारण इस बार पांच साल बाद गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के पास चांगथांग नामक स्थान पर हिमखंड बनने लगा है। इससे पर्यावरण प्रेमी भी उत्साहित हैं। अगर फरवरी और मार्च में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहा तो यह हिमखंड और विशाल हो जाएगा।

उत्तरकाशी से आगे गंगोत्री हाईवे कई जगह बर्फ से पट चुका है। हर्षिल से पांच किलोमीटर दूर चांगथांग नामक स्थान पर अक्सर एक विशाल हिमखंड आकार लेता है, लेकिन बीते वर्षों में कम बर्फबारी के कारण हिमखंड आकार नहीं ले पा रहा था। हर्षिल की ग्राम प्रधान और पर्यावरणविद् बसंती देवी ने बताया कि इस बार हिमखंड आकार ले चुका है।

उन्होंने बताया कि आमतौर पर यह हिमखंड करीब एक किलोमीटर लंबा और 100 मीटर चौड़ा और करीब 25 फीट ऊंचा होता है। गंगोत्री धाम के कपाट खुलने पर यह हिमखंड पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहता है। इस विशाल हिमखंड के बनने पर गंगोत्री हाईवे भी बंद हो जाता है।

यात्रा सीजन में सीमा सड़क संगठन की टीम हिमखंड काटकर आवाजाही सुचारु करती है। बसंती देवी के मुताबिक वर्ष 2014 में आखिरी बार यहां हिमखंड बना था। वह कहती हैं कि इस बार हर्षिल, झाला, मुखवा, धराली और चांगथांग क्षेत्र में अच्छी बर्फबारी हुई। ऐसे में उम्मीद है कि हिमखंड का आकार और बढ़ेगा।

Share it
Top