Home > प्रदेश > उत्तरप्रदेश > जयंत चौधरी ने कहा- उत्तर प्रदेश में तीन सीट पर लड़ेगी राष्ट्रीय लोकदल

जयंत चौधरी ने कहा- उत्तर प्रदेश में तीन सीट पर लड़ेगी राष्ट्रीय लोकदल

जयंत चौधरी ने कहा- उत्तर प्रदेश में तीन सीट पर लड़ेगी राष्ट्रीय लोकदल

उत्तर प्रदेश में अब समाजवादी...Editor

उत्तर प्रदेश में अब समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन में राष्ट्रीय लोकदल भी आधिकारिक रूप से शामिल हो गई है। लखनऊ में आज राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से भेंट की। अखिलेश यादव के साथ जयंत चौधरी ने मीडिया को संबोधित किया। अखिलेश यादव और जयंत चौधरी ने अधिकारिक रूप से राष्ट्रीय लोकदल के साथ सपा-बसपा के गठबंधन का ऐलान किया। अखिलेश यादव ने कहा कि यह यूपी का सबसे बड़ा गठबंधन हैं।

समाजवादी पार्टी के कार्यालय में जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के साथ समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव से भी भेंट करने के बाद उनका आशीर्वाद लिया। पार्टी कार्यालय में जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा को शिकस्त देने के लिए अब हमने भी समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के साथ कमर कस ली है।

जयंत चौधरी ने कहा कि हमारी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल तीन सीट पर लोकसभा का चुनाव लड़ेगी। रालोद मथुरा, मुजफ्फरनगर व बागपत संसदीय सीटों पर लड़ेगा। रालोद अपने चुनाव निशान पर तीन सीटों पर लड़ेगा बाकी सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों को जिताएगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का हर कार्यकर्ता भाजपा को उत्तर प्रदेश में जमीन पर लाने के लिए कमर कस चुका है। सपा व बसपा के साथ आने बाद हमने भी तय किया कि भाजपा को समाप्त करने के लिए हमारा साथ आना जरूरी था।

अखिलेश यादव ने आज मीडिया की भी क्लास ली। कांग्रेस के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि आप लोग बेकार में कांग्रेस के बारे में बात करने में लगे हैं। कांग्रेस तो हमारे साथ इस महागठबंधन में पहले से ही है। हमने उनके लिए दो सीट अमेठी तथा रायबरेली को छोड़ दिया है।

अखिलेश यादव ने कहा हम गठबंधन के हर प्रत्याशी को जीत दिलाएंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने कब कहा कि हम कांग्रेस के साथ नहीं है। हमारे गठबंधन में कांग्रेस में शामिल है। उत्तर प्रदेश में हमने कांग्रेस को दो सीट दी है। पुलवामा को लेकर अखिलेश यादव ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी के कारण इतनी बड़ी घटना हो गई। एयर स्ट्राइक पर अखिलेश यादव ने कहा कि देश हकीकत जानना चाहता है। सरकार देश की जनता को सच्चाई बताए। अखिलेश ने देश मे नई सरकार बनने व नया प्रधानमंत्री मिलने का दावा किया।

आज समाजवादी पार्टी के कार्यालय का नजारा कुछ बदल गया था। यहां पर सपा व बसपा के साथ रालोद का भी पोस्टर लगा था। पोस्टर में रालोद के साथ समाजवादी पार्टी व बसपा का चुनाव चिन्ह वाला बड़ा पोस्टर लगा था।

Share it
Top