Home > प्रदेश > उत्तरप्रदेश > संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी का रायबरेली दौरा स्थगित, राहुल अमेठी आएंगे

संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी का रायबरेली दौरा स्थगित, राहुल अमेठी आएंगे

संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी का रायबरेली दौरा स्थगित, राहुल अमेठी आएंगे

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता तथा...Editor

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता तथा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी का रायबरेली दौरा स्थगित हो गया है। उनका कल से दो दिनी दौरा प्रस्तावित था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कल से दो दिन के अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर रहेंगे।

लंबे समय बाद अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दौरे पर आने का सोनिया गांधी का कार्यक्रम अब स्थगित हो गया है। वह बीते वर्ष अक्टूबर में ही रायबरेली आने वाली थीं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से दौरा स्थगित हो गया था। अब एक बार फिर सोनिया गांधी का 23- 24 जनवरी का दो दिवसीय दौरा स्थगित हो गया है।दौरा निरस्त के पीछे सोनिया के स्वास्थ्य को कारण बताया जा रहा है। सोनिया के इसी स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए उनके रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर तमाम तरह की अटकलों का बाजार गर्म है।

इससे पहले भी कल उनके आगमन के कार्यक्रम में संशोधन किया गया था। पहले उनके प्राइवेट विमान का यहां के फुरसतगंज एयरपोर्ट पर दिन में 11 बजे लैंड करने के कार्यक्रम था, बाद में उसको 2:45 बजे किया गया। उनके कार्यक्रम में समय के बदलाव की वजह गणतंत्र दिवस को लेकर परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल और फ्लाइंग स्पेस बताया गया। अब सोनिया गांधी के आने का कार्यक्रम ही स्थगित हो गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिन में करीब तीन बजे फुरसतगंज एयरपोर्ट पर उतरने के बाद अमेठी रवाना हो जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 23 व 24 को अमेठी में रहेंगे। इससे पहले उनका चार जनवरी को आने का कार्यक्रम था, जो बाद में स्थगित हो गया।

अमेठी में राहुल सबसे पहले नहर कोठी के शहीद स्मारक स्थल पहुंचेंगे और पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके तिलोई विधानसभा के ग्राम प्रधानों के साथ बैठक करेंगे। उनका परैया नमकसार गांव का भ्रमण कार्यक्रम भी है। राहुल गांधी गौरीगंज कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और यहां अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वह मुसाफिरखाना के धरौली गांव जाएंगे, जहां पूर्व ब्लाक प्रमुख के घर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद हलियापुर में राहुल गांधी का स्वागत कार्यक्रम है। इसके बाद वह मुसाफिरखाना के नेवादा गांव में पूर्व सांसद वयोवृद्ध राजकरन सिंह से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी तिलोई में दिवंगत वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिव प्रताप सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

इसके बाद भुएमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। 24 जनवरी को राहुल गांधी गेस्ट हाउस में ही आम जनता से मुलाकात करेंगे। यहां से उनका सलोन विधानसभा के कुछ गांव में भ्रमण का भी कार्यक्रम है। इसके बाद राहुल गांधी डीह में पूर्व ब्लाक अध्यक्ष एसपी सिंह के घर जाएंगे। इसके बाद उनका यहां से वापसी का कार्यक्रम है।

Share it
Top