Public Khabar

राज्यपालों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव, मणिपुर में भल्ला, बिहार में आरिफ

राज्यपालों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव, मणिपुर में भल्ला, बिहार में आरिफ
X

नई दिल्ली: मंगलवार रात को केंद्र सरकार ने राज्यों में बड़े पैमाने पर राज्यपालों की नियुक्ति की घोषणा की। इन फेरबदल में बिहार और मणिपुर जैसे राज्यों पर विशेष फोकस नजर आया।


पूर्व केंद्रीय मंत्री और सेवानिवृत्त जनरल विजय कुमार सिंह को मिजोरम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, मिजोरम के वर्तमान राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति को ओडिशा स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही, ओडिशा के मौजूदा राज्यपाल रघुबर दास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि रघुबर दास को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।


बिहार में भी बड़ा बदलाव हुआ है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को केरल स्थानांतरित किया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। इस बदलाव को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर भाजपा की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।


मणिपुर में लंबे समय से जारी अशांति के मद्देनजर पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को राज्यपाल बनाया गया है। भल्ला को मणिपुर में प्रशासनिक स्थिरता और शांति बहाल करने की जिम्मेदारी दी गई है।


इस राज्यपाल फेरबदल को केंद्र सरकार की राजनीतिक और प्रशासनिक संतुलन साधने की एक अहम कवायद माना जा रहा है। खासकर हिंदी बेल्ट और मणिपुर पर दिए गए फोकस से भविष्य की चुनावी और प्रशासनिक रणनीति के संकेत मिल रहे हैं।


Next Story
Share it