Public Khabar

अपने औपनिवेशिक शासक ब्रिटेन को पछाड़ भारत विश्व की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था

अपने औपनिवेशिक शासक ब्रिटेन को पछाड़ भारत विश्व की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था
X

आर्थिक मोर्चे पर हमेशा आलोचकों के निशाने पर रहने वाले भारत को एक बड़ी सफलता मिली है। विश्व की टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं की लिस्ट में भारत ने ब्रिटेन को पछाड़ते हुए 5वें स्थान पर कब्जा जमा लिया है। यह वही ब्रिटेन है जो कभी भारत का औपनिवेशिक शासक हुआ करता था। भारत अब दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अब लिस्ट में भारत से आगे 4 देश अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी हैं। विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की लिस्ट में ब्रिटेन अब 6वें स्थान पर खिसक गया है। गौरतलब है कि 10 साल पहले तक विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की सूची में भारत 11वें स्थान पर था, जबकि ब्रिटेन पांचवें नंबर पर था।

भारत ने पिछले 10 सालों में शानदार आर्थिक विकास दर हासिल की है और जहां एक दशक पहले भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी इकोनॉमी था वहीं अब ये 6 स्थान आगे बढ़कर 5वें स्थान पर आ गया है। भारत की इस उपलब्धि के साथ ब्रिटेन छठें स्थान पर फिसल गया है। सालाना आधार पर भारत की अर्थव्यवस्था 3.17 लाख करोड़ डॉलर की है और यूके से कुछ पीछे ही छठे स्थान पर है। यूके की जीडीपी फिलहाल 3.19 लाख करोड़ डॉलर की है। 7 प्रतिशत की अनुमानित ग्रोथ के साथ भारत के इसी साल यूके को सालाना आधार पर भी पीछे छोड़ने की संभावना है। फिलहाल दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका है जिसके बाद चीन, जापान और जर्मनी की स्थान आता है। भारत की जीडीपी ने बीते 20 साल में 10 गुना बढ़त दर्ज की है।

भारत के ब्रिटेन से आगे निकलने का अनुमान ब्लूमबर्ग की गणनाओं पर आधारित है जिसे उसने आईएमएफ के डेटाबेस और ऐतिहासिक विनिमय दरों के आधार पर तैयार किया है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में यह निष्कर्ष पेश करते हुए कहा गया, समायोजित आधार पर और प्रासंगिक तिमाही के अंतिम दिन डॉलर विनिमय दर को ध्यान में रखते हुए मार्च में खत्म तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 'सांकेतिक' नकदी के साथ 854.7 अरब डॉलर था। इसी पैमाने पर ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था का आकार 816 अरब डॉलर था।''

Next Story
Share it