Public Khabar

वाराणसी: दामाद द्वारा गला दबाकर हत्या की खबर भ्रामक, पोस्टमार्टम में नहीं हुई पुष्टि

वाराणसी: दामाद द्वारा गला दबाकर हत्या की खबर भ्रामक, पोस्टमार्टम में नहीं हुई पुष्टि
X

वाराणसी। सोशल मीडिया के कुछ व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रसारित उस खबर को पुलिस ने भ्रामक बताया है, जिसमें यह दावा किया जा रहा था कि वाराणसी में एक व्यक्ति ने अपने ससुर की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में इस तरह की पुष्टि नहीं हुई है।


पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के सोशल मीडिया सेल की ओर से जारी स्पष्टीकरण में बताया गया कि 12 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि झगड़ू उर्फ किशोरी (लगभग 70 वर्ष), निवासी गढ़वा थाना बड़ागांव, वाराणसी और उनके बड़े दामाद संजय, निवासी ग्राम भरलाई थाना शिवपुर के बीच शराब के नशे में विवाद हुआ था। विवाद के बाद झगड़ू उर्फ किशोरी की मृत्यु हो गई।


सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बड़ागांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच कराई गई। फील्ड यूनिट द्वारा किए गए निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए।


मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़ों में मवाद और निमोनिया की स्थिति पाई गई है, जबकि मृत्यु का सटीक कारण अभी निर्धारित नहीं हो सका है।


पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर दामाद द्वारा गला दबाकर हत्या किए जाने की बात की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Next Story
Share it