Public Khabar

बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार के दौरान चेन स्नैचिंग, 15 लोग बने शिकार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भारी भीड़ और 8 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार के दौरान चेन स्नैचिंग, 15 लोग बने शिकार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
X

महाराष्ट्र के बारामती में उस वक्त सनसनी फैल गई जब उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार के अंतिम संस्कार के दौरान चेन चोरी की कई घटनाएं सामने आईं। शोक और श्रद्धांजलि के माहौल के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए लोगों को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, अंतिम संस्कार के दौरान करीब 15 लोगों के गले से सोने की चेन चोरी कर ली गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना देखी गई।

दरअसल, 28 जनवरी को विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार बारामती स्थित विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया था। अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से लाखों की संख्या में लोग बारामती पहुंचे थे। पूरा शहर शोक में डूबा हुआ था और हर ओर भारी भीड़ मौजूद थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों के एक संगठित गिरोह ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोगों को जब अपनी चेन गायब होने का एहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया। इसी दौरान कुछ संदिग्धों को स्थानीय नागरिकों ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि कुछ अन्य आरोपियों को पुलिस के हवाले किया गया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को जल्द काबू में लेने का दावा किया है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अंतिम संस्कार के दौरान बारामती में करीब 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात थे। इसके बावजूद चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं का सामने आना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद होने के बावजूद अपराधियों का बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देना चिंता का विषय है।

पीड़ितों की शिकायत के आधार पर बारामती तालुका पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मोहम्मद यूनुस, राजकुमार आठवले, एजाज मिरावले, मोहम्मद सिराज, बालू बोत्रे समेत दो अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य संदिग्धों की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।

Tags:
Next Story
Share it