Public Khabar

बेंगलुरु: रिटायर्ड डीजीपी ओम प्रकाश की हत्या, पत्नी पल्लवी गिरफ्तार

बेंगलुरु में पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश की हत्या, पत्नी पल्लवी गिरफ्तार। संपत्ति विवाद की जांच जारी।

पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश बेंगलुरु हत्या मामला
X
कर्नाटक पुलिस के पूर्व महानिदेशक (DGP) और 1981 बैच के आईपीएस अधिकारी ओम प्रकाश की रविवार शाम उनके बेंगलुरु स्थित आवास पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनकी पत्नी पल्लवी को गिरफ्तार किया है, जो इस मामले की प्रमुख संदिग्ध हैं।

घटना बेंगलुरु के एचएसआर लेआउट क्षेत्र स्थित ओम प्रकाश के आवास पर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओम प्रकाश की चाकू मारकर हत्या की गई और उनका शव खून से लथपथ हालत में मिला। बेंगलुरु पुलिस आयुक्त बी. दयानंद ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पल्लवी ने हत्या के बाद एक अन्य रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी की पत्नी को वीडियो कॉल कर अपराध स्वीकारते हुए कहा कि उसने “शैतान की हत्या” कर दी है। इसके बाद एचएसआर लेआउट थाने को सूचना दी गई और पल्लवी को हिरासत में लिया गया।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि ओम प्रकाश ने अपनी संपत्ति का मालिकाना हक अपने बेटे को सौंप दिया था, जिससे पल्लवी नाराज थीं। पुलिस को संदेह है कि यह पारिवारिक विवाद हत्या की वजह बन सकता है। साथ ही, पल्लवी की मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच जारी है।

ओम प्रकाश बिहार के चंपारण जिले के रहने वाले थे। उन्होंने 2015 से 2017 तक कर्नाटक के डीजीपी और आईजीपी के रूप में कार्य किया था। अपने सेवा काल में वे डीआईजी (प्रशासन), डीआईजी (उत्तरी रेंज) और एडीजीपी (अपराध और तकनीकी सेवाएं) जैसे प्रमुख पदों पर भी नियुक्त रहे।
Tags:
Next Story
Share it