Public Khabar

दिल्ली के रोहिणी में देर रात युवक की गोली मारकर हत्या, गैंगवार की आशंका, इलाके में दहशत

रोहिणी सेक्टर-17 में युवक की दिनदहाड़े हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

दिल्ली के रोहिणी में देर रात युवक की गोली मारकर हत्या, गैंगवार की आशंका, इलाके में दहशत
X

राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सेक्टर-17 में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान साहिल सोलंकी के रूप में हुई है, जो इसी क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहता था। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के मुताबिक बाइक सवार दो हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।


सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई। क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जहां से कई खाली कारतूस बरामद किए गए। पुलिस को मृतक के दाहिने हाथ के पास एक चाकू भी मिला है, जिसे जांच के दायरे में लिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के समय की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार साहिल सोलंकी कुछ समय पहले ही जेल से रिहा हुआ था और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। एडिशनल डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि मृतक के खिलाफ हत्या सहित कुल तीन आपराधिक मामलों की पुष्टि हुई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि साहिल का संबंध दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गोगी गैंग से बताया जा रहा है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।


पुलिस इस पूरे मामले को संभावित गैंगवार के एंगल से भी देख रही है। स्थानीय निवासियों के अनुसार हमलावरों ने बेहद बेखौफ होकर फायरिंग की और चंद सेकंड में फरार हो गए, जिससे इलाके में रहने वाले लोग काफी सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


मामले में हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, साथ ही लोकल नेटवर्क और तकनीकी सर्विलांस के जरिए हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े अहम खुलासे किए जा सकते हैं।

Tags:
Next Story
Share it