कोहरे और शीतलहर की दोहरी मार, उड़ानें रद्द, नए साल से पहले ठंड में उतार-चढ़ाव
झारखंड में 2 जनवरी तक सुबह कोहरा, उत्तर-पश्चिमी जिलों में शीतलहर, रांची एयरपोर्ट से उड़ानें प्रभावित

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक झारखंड के ज्यादातर जिलों में आने वाले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति 2 जनवरी तक बनी रह सकती है, जिससे सुबह के वक्त दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
उत्तरी झारखंड में घना कोहरा, सड़क और रेल यातायात पर खतरा
उत्तर झारखंड के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है। कोहरे के कारण राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के साथ-साथ रेल परिचालन भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को सुबह के समय बेहद सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।
उत्तर और पश्चिमी जिलों में शीतलहर का असर, बढ़ी कनकनी
सोमवार की सुबह झारखंड के उत्तरी इलाकों में कोहरे की चादर छाई रही। उत्तर पलामू क्षेत्र में शीतलहर का प्रभाव बना रहा, जबकि राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में ठंड का असर लगातार महसूस किया गया। पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मैकलुस्कीगंज में पारा शून्य के करीब, कांके में भी कंपकंपी
रविवार की तुलना में तापमान में हल्की राहत जरूर दर्ज की गई, लेकिन मैकलुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान गिरकर मात्र 0.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जोन्हा क्षेत्र स्थित राणा कंट्री कॉटेज के डिजिटल मीटर में भी यही तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं कांके इलाके में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिससे लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ा।
कोहरे का हवाई यातायात पर बड़ा असर, रांची से 4 उड़ानें रद्द
घने कोहरे का सीधा असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। रांची एयरपोर्ट से चार फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा, जबकि आधा दर्जन से अधिक उड़ानें तय समय से काफी देर से पहुंचीं। कोलकाता-रांची और दिल्ली-रांची रूट की कई इंडिगो उड़ानें रद्द रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोलकाता, दिल्ली और मुंबई की उड़ानें देरी से पहुंचीं
कोलकाता से सुबह आने वाली फ्लाइट लगभग 1 घंटे 40 मिनट की देरी से रांची पहुंची। वहीं शाम को कोलकाता और दिल्ली से आने वाली उड़ानें करीब दो घंटे लेट रहीं। मुंबई से आने वाली इंडिगो और दिल्ली से संचालित एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट भी लगभग डेढ़-डेढ़ घंटे की देरी से रांची एयरपोर्ट पर उतरीं।
अगले दो दिन राहत, फिर ठंड दिखाएगी तेवर
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है और पारा 10 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। इसके बाद करीब पांच दिनों तक मौसम सामान्य बना रह सकता है, जिससे नए साल के जश्न के दौरान लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में शीतलहर बरकरार, 4 जनवरी से फिर बढ़ेगी ठंड
हालांकि लातेहार, गुमला और लोहरदगा जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं हजारीबाग में 1 जनवरी से हल्की राहत के संकेत हैं, लेकिन 4 जनवरी के बाद एक बार फिर ठंड बढ़ने की चेतावनी दी गई है।
