कानपुर में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 50 लाख के एक्सपायर खजूर समेत मिलावटी सामान जब्त
होली और रमजान से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, हजारों किलो नकली खाद्य सामग्री बरामद

उत्तर प्रदेश के कानपुर में खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य विभाग की टीम ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर भारी मात्रा में मिलावटी और एक्सपायर खाद्य सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान 10 हजार किलो से अधिक खजूर जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में मिलावटी खोया और कटी सुपारी भी पकड़ी गई, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद खजूर साल 2022-23 में ही एक्सपायर हो चुके थे। इन पर नए स्टीकर और पैकेजिंग लगाकर होली और रमजान के दौरान बाजार में खपाने की पूरी तैयारी थी। विभाग को इस अवैध कारोबार की सूचना लंबे समय से मिल रही थी। छापेमारी के दौरान कुल 9 सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, ताकि मिलावट और गुणवत्ता की पुष्टि की जा सके।
खाद्य विभाग की टीम ने फजलगंज क्षेत्र से करीब 675 किलो संदिग्ध खोया बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं मछरिया नौबस्ता इलाके से लगभग दो लाख रुपये से अधिक कीमत की कटी सुपारी भी जब्त की गई, जिसे स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मानते हुए नष्ट कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह गोरखधंधा काफी समय से चल रहा था और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो लोगों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ हो सकता था।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि होली तक मिलावटखोरों और नकली खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि एक्सपायर और मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं, इसलिए इस तरह के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
