Public Khabar

रांची में लापता बस कंडक्टर की हत्या, खेलगांव में झाड़ियों के पास मिला शव, पत्थर से कुचला गया चेहरा

रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र में युवक की नृशंस हत्या, पहचान मिटाने की कोशिश, जांच में जुटी पुलिस

रांची में लापता बस कंडक्टर की हत्या, खेलगांव में झाड़ियों के पास मिला शव, पत्थर से कुचला गया चेहरा
X

झारखंड की राजधानी रांची में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। खेलगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह पुलिस ने झाड़ियों के पास एक युवक का शव बरामद किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आसिफ के रूप में हुई है, जो कांटाटोली स्थित रजा कॉलोनी का रहने वाला था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहचान छिपाने के इरादे से युवक के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।


पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर खून के गहरे निशान मिले हैं और शव को घसीटे जाने के संकेत भी पाए गए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों और समय का पता लगाया जा सके।


जानकारी के मुताबिक, आसिफ बुधवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पूरी रात उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद या रिसीव नहीं हुआ। गुरुवार सुबह परिवार को सूचना मिली कि खेलगांव थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिला है। मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान आसिफ के रूप में की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।


परिवार वालों ने बताया कि आसिफ खादगढ़ा बस स्टैंड में बस कंडक्टर के तौर पर काम करता था। उनका कहना है कि उसकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश या दुश्मनी नहीं थी और वह शांत स्वभाव का युवक था। अचानक इस तरह की हत्या से पूरा परिवार सदमे में है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका पहले से नहीं थी।


घटना की जानकारी मिलते ही खेलगांव थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आसिफ किसके साथ आखिरी बार देखा गया था और वारदात के समय इलाके में कौन-कौन मौजूद था। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Tags:
Next Story
Share it