शारदीय नवरात्रि 2025 : 22 सितंबर से प्रारंभ, अष्टमी 30 और महानवमी 1 अक्टूबर को मनाई जाएगी

शारदीय नवरात्रि की शुरुआत
हिंदू धर्म में शारदीय नवरात्रि का विशेष महत्व है। यह पर्व हर साल आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होता है। वर्ष 2025 में शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ सोमवार, 22 सितंबर से हो रहा है। इस दिन घटस्थापना और माँ दुर्गा की विधिवत पूजा के साथ शक्ति उपासना का आरंभ किया जाएगा।
नौ दिनों तक होगी शक्ति साधना
नवरात्रि का पर्व नौ दिनों तक चलता है जिसमें माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना की जाती है। इन दिनों व्रत-उपवास रखकर भक्त देवी माँ को प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं। माना जाता है कि इस दौरान साधक को न केवल आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त होती है बल्कि जीवन से नकारात्मकता भी दूर होती है।
अष्टमी और महानवमी का महत्व
नवरात्रि के अंतिम चरण में आने वाले दो दिन – महाअष्टमी और महानवमी – को अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। 2025 में महाअष्टमी 30 सितंबर को पड़ रही है, जबकि महानवमी 1 अक्टूबर को होगी। इन दोनों दिनों में कन्या पूजन, हवन और विशेष दुर्गा आराधना का विशेष महत्व बताया गया है। कहा जाता है कि इस अवसर पर माता दुर्गा की पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
विजयादशमी का पर्व
नवरात्रि का समापन विजयादशमी यानी दशहरे के साथ होता है। यह पर्व 2 अक्टूबर 2025 को मनाया जाएगा। विजयादशमी असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। इस दिन माँ दुर्गा की मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है और रावण दहन की परंपरा निभाई जाती है।
यह लेख/समाचार लोक मान्यताओं और जन स्तुतियों पर आधारित है। पब्लिक खबर इसमें दी गई जानकारी और तथ्यों की सत्यता या संपूर्णता की पुष्टि की नहीं करता है।