Public Khabar

ऊधम सिंह नगर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का खुलासा, देवर समेत तीन गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अस्पताल में भर्ती

रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की घटना, गिरफ्तारी से बचने के लिए मुख्य आरोपी ने खाया जहर

ऊधम सिंह नगर में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का खुलासा, देवर समेत तीन गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अस्पताल में भर्ती
X

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले से महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में पीड़िता का देवर भी शामिल है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 22 फरवरी 2026 की रात पीड़िता अपने देवर के साथ गांधी पार्क में आयोजित सरस मेले से लौट रही थी। रात करीब नौ बजे मोदी मैदान के पास देवर के परिचित तीन युवक दो बाइकों पर वहां पहुंचे। इसके बाद महिला को ठंडी सड़क क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां आरोप है कि अभय सक्सेना उर्फ चाइना और राजा रस्तोगी ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

वारदात के समय पीड़िता का देवर और एक अन्य युवक भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने किसी तरह का विरोध नहीं किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर 24 फरवरी को कोतवाली रुद्रपुर में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जिला चिकित्सालय रुद्रपुर के पास से बाइक सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अभय सक्सेना ने गिरफ्तारी की आशंका में जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके चलते उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कहा है कि मामले में सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Tags:
Next Story
Share it