Public Khabar

दीपावली से पहले यूपी के कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा: योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस का किया एलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग 14.82 लाख कर्मचारियों को ₹6,908 का उत्पादकता असम्बद्ध बोनस देने का आदेश जारी किया

दीपावली से पहले यूपी के कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा: योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस का किया एलान
X

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर राज्य कर्मचारियों को आर्थिक लाभ देने का फैसला किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए मंजूर यह उत्पादकता असम्बद्ध बोनस कर्मचारियों के मेहनत और निष्ठा की सराहना के रूप में दिया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और राज्य सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बोनस का गणना मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर 30 दिन के लिए किया जाएगा। इसका मतलब है कि प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 का लाभ मिलेगा।


इस निर्णय से लगभग 14 लाख 82 हजार राज्य कर्मचारी लाभान्वित होंगे और कुल व्ययभार लगभग ₹1,022 करोड़ का होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि पात्र कर्मचारियों को समयबद्ध रूप से भुगतान किया जाए ताकि सभी परिवार दीपावली का पर्व उल्लासपूर्वक मना सकें।


बोनस का लाभ उन पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा जिनके वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600–₹1,51,100) तक है। इसमें राज्य कर्मचारी, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण और प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी, स्थानीय निकाय और जिला पंचायत कर्मी, साथ ही राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शामिल हैं।


इसके अलावा, भारत सरकार ने भी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 29 सितंबर 2025 तक केंद्र सरकार के कर्मचारियों को बोनस देने का निर्णय लिया है।

Tags:
Next Story
Share it