Public Khabar

यमुना सिटी में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की नींव आज, पीएम मोदी वर्चुअल रूप से करेंगे शिलान्यास

फॉक्सकॉन-एचसीएल की सेमीकंडक्टर यूनिट से यूपी को मिलेगा औद्योगिक बढ़त का नया आयाम

यमुना सिटी में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की नींव आज, पीएम मोदी वर्चुअल रूप से करेंगे शिलान्यास
X

उत्तर प्रदेश के यमुना सिटी में शनिवार शाम औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। नरेंद्र मोदी उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखेंगे। यह कार्यक्रम यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर-28 में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़कर जनसभा को संबोधित करेंगे। मौके पर योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक धीरेंद्र सिंह उपस्थित रहकर लोगों को संबोधित करेंगे।


यह सेमीकंडक्टर यूनिट विश्व की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी फॉक्सकॉन और भारत की अग्रणी आईटी कंपनी एचसीएल के संयुक्त उपक्रम ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा स्थापित की जा रही है। इस परियोजना को देश के सेमीकंडक्टर मिशन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। जनसभा में करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है, जबकि जिले के प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी बीते दो दिनों से कार्यक्रम स्थल और रबूपुरा क्षेत्र में तैयारियों में जुटे हुए हैं।


आधारशिला कार्यक्रम में क्षेत्र के पांच विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी साक्षी बनेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब चार बजे अपैरल पार्क की भूमि पर बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरेंगे और वहां से जनसभा स्थल तक पहुंचेंगे। सभा स्थल पर लगभग 100 फुट लंबी और 40 फुट चौड़ी विशाल डिजिटल स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर प्रधानमंत्री मोदी सेमीकंडक्टर यूनिट का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे।


कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली बॉर्डर से जुड़े प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। इस आयोजन को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक भविष्य और हाई-टेक निवेश के लिहाज से एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है।

Tags:
Next Story
Share it