Public Khabar

बिहार: बोधगया में 15 बच्चों के साथ दुराचार के आरोप में बौद्ध भिक्षु गिरफ्तार

बिहार: बोधगया में 15 बच्चों के साथ दुराचार के आरोप में बौद्ध भिक्षु गिरफ्तार
X

भगवान बुद्ध की तपोभूमि बोधगया में एक स्कूल व मेडिटेशन सेंटर में असम के बच्चों से यौन शोषण का मामला सामने आया है। सभी बच्चों की उम्र छह से 12 साल है। इसकी जानकारी मिलने पर एसएसपी राजीव मिश्रा और एसपी सिटी अनिल कुमार ने बच्चों को वहां से मुक्त कराया।

गया के विष्णुपद थाना में सभी बच्चों को लाकर बयान दर्ज किया गया। मेडिटेशन सेंटर संचालक भंते संघ प्रिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।बोधगया में प्रजन सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित प्रजना ज्योति बुद्धिष्ट स्कूल एंड मेडिटेशन सेंटर में गरीब बच्चों को पढ़ाने के नाम पर गलत कार्य किया जा रहा था।

इन बच्चों को पढ़ाई के बाद ट्रस्ट लामा बना देता था। करीब दो माह से इस सेंटर में असम के 15 नाबालिग बच्चों को लाया गया था। इन बच्चों का भंते संघ प्रिया न सिर्फ इनका शारीरिक शोषण करता था बल्कि कई बच्चों को इसके लिए कोलकाता भी भेजता था। कुछ दिन पहले मुंबई से बोधगया आये एक भंते जब मेडिटेशन सेंटर गये तो बच्चों ने उनसे शारीरिक और यौन शोषण किए जाने की बात कही।

भंते ने बच्चों के परिवार को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद बुधवार को परिजन बोधगया पहुंचकर बच्चों को सेंटर से लेकर विष्णुपद स्थित असम धर्मशाला लेकर आए। यहां मीडियाकर्मियों को इसकी भनक लगने पर बात एसएसपी तक पहुंची तो टाउन डीएसपी राजकुमार साह, विष्णुपद, कोतवाली की पुलिस ने बच्चों व उनके परिजनों का बयान दर्ज किया।

इसके बाद बोधगया में छापेमारी कर सेंटर के संचालक भंते संघ प्रिया को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बच्चों के शारीरिक शोषण की बात सामने आयी है। आरोप सही पाये जाने पर आगे की कार्रवाई होगी।

Tags:
Next Story
Share it