Public Khabar

उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति से राम मंदिर लोकार्पण तक भजन-कीर्तन का आयोजन

उत्तर प्रदेश में मकर संक्रांति से राम मंदिर लोकार्पण तक भजन-कीर्तन का आयोजन
X

उत्तर प्रदेश सरकार ने मकर संक्रांति से 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या में राम मंदिर के लोकार्पण तक प्रदेश के सभी आध्यात्मिक स्थलों और मंदिरों में भजन-कीर्तन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की घोषणा की है।

पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस अभियान का लक्ष्य बाल्मीकि रामायण में उल्लिखित श्रीराम जी के सामाजिक मूल्यों और आदर्शों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जन मानस को जोड़ना है।

इस अवसर पर मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन/दीपदान के साथ-साथ रामकथा प्रवचन, रामायण/मानस पाठ और सुंदरकांड के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय भजन-कीर्तन मंडलियों द्वारा विभिन्न नगरों में राम मंदिर प्रतीक रथ और कलश यात्राओं का भी आयोजन किया जाएगा।

मंदिरों का चयन स्थानीय प्रशासन द्वारा किया जाएगा और कार्यक्रम के आयोजन का प्रभावी अनुश्रवण के लिए जिला, तहसील और ब्लाक स्तर पर नोडल अधिकारी चयन किया जाएगा। प्रत्येक आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, सुरक्षा, बैठने हेतु दरी, ध्वनि, प्रकाश आदि की व्यवस्था भी संस्कृति विभाग के माध्यम से कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश के जनमानस में राम मंदिर को लेकर एक अलग सा ही उत्साह व्याप्त है। इसी के दृष्टिगत जन-जन को उनकी आस्था से जोड़ने के लिए मंदिरों में भजन एवं कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।

इस आयोजन के लिए संस्कृति विभाग ने एक विशेष बजट भी निर्धारित किया है। इसमें स्थानीय कलाकारों और भजन-कीर्तन मंडलों को भुगतान के लिए नियत दरें तय की गई हैं।

Next Story
Share it