नई रिलीज़ के बावजूद अजय देवगन की फ़िल्म ने कमा लिये इतने करोड़

De De Pyaar De Box Office Collection Day 8 शुक्रवार 24 मई को दो नई फ़िल्मों PM Narendra Modi और India's Most Wanted की रिलीज़ के बावजूद अजय देवगन की फ़िल्म दे दे प्यार दे बॉक्स ऑफ़िस पर डटी रही और फ़िल्म ने दूसरे शुक्रवार को लगभग ₹3.58 करोड़ का कलेक्शन कर लिया।
शुक्रवार के कलेक्शन को मिलाकर दे दे प्यार दे ने अब 8 दिनों में ₹64.63 करोड़ जमा कर लिये हैं। दे दे प्यार दे को अगर 100 करोड़ क्लब में एंट्री लेनी है तो इस शनिवार और रविवार को दम दिखाना होगा। हालांकि ऐसा करना थोड़ा मुश्किल हो गया है। पीएम नरेंद्र मोदी और इंडियाज़ मोस्ट वांटेड इस वीकेंड में दे दे प्यार दे को कुछ परेशानी खड़ी कर सकती हैं। हालांकि दोनों फ़िल्मों की पहले दिन की रिपोर्ट कुछ ख़ास नहीं है।
पहले हफ़्ते में 61 करोड़ की कमाई
गुरुवार को De De Pyaar De ने 4.48 करोड़ के साथ सिनेमाघरों में 7 दिनों का पूरा सफ़र पूरा कर लिया था, जिसे मिलाकर पहले हफ़्ते में फ़िल्म की कमाई 61.05 करोड़ पर पहुंच गयी। वर्किंग वीक में सोमवार को फ़िल्म ने ₹6.19 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि मंगलवार को कलेक्शंस ₹6.10 करोड़ रहे थे। बुधवार को फ़िल्म ने 5.74 करोड़ की राशि जमा की थी। पहले हफ़्ते में दे दे प्यार दे के आंकड़ों में अधिक गिरावट नहीं आयी। हालांकि दे दे प्यार दे की रफ़्तार अजय की पिछली रिलीज़ टोटल धमाल से कम रही, जिसने पहले हफ़्ते में ₹94.55 करोड़ जमा किये थे।
17 मई को देशभर में 3100 से अधिक स्क्रींस पर रिलीज़ हुई 'दे दे प्यार दे' को पहले दिन ₹10.41 करोड़ मिले थे, जिसे उम्मीद से कम बताया गया, मगर दूसरे दिन शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में जंप आया और ₹13.39 करोड़ की कमाई कर ली। रविवार को ₹14.74 करोड़ के कलेक्शन के साथ फ़िल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ₹38.54 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया था।
'दे दे प्यार दे' को अकीव अली ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और रकुलप्रीत मुख्य भूमिकाओं में हैं। 'दे दे प्यार दे' की कहानी एक 50 साल के बिज़नेसमैन और उसकी 24 साल की गर्लफ्रेंड की लव स्टोरी पर आधारित है। फ़िल्म में तब्बू अजय की एक्स वाइफ़ और रकुल गर्लफ्रेंड के रोल में हैं। फ़िल्म को समीक्षकों ने भी सपोर्ट किया है। तब्बू के साथ अजय की पिछली फ़िल्म गोलमाल अगेन है, जबकि रकुल के साथ वो पहली बार पेयर अप हुए हैं।