व्लादिमीर पुतिन की 'सीक्रेट फर्स्ट लेडी' ने जुड़वा बच्चों को दिया जन्म,

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कथित प्रेमिका ने इस माह जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। हालांकि, रूसी क्रेमलिन (प्रशासनिक कार्यालय) ने इसका खंडन किया है। यह रिपोर्ट न्यूयार्क पोस्ट की है। बता दें कि वर्ष 2008 में भी ऐसी अफवाह उड़ी थी कि कबायेवा ने एक लड़की को जन्म दिया है जिसका क्रेमलिन ने खंडन किया था। पुतिन और ओलंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट व जिमनास्ट रहीं एलीना कबायेवा के बीच रिश्ते को लेकर लंबे अरसे से अफवाहें हैं।
डिलीवरी में इटली के डॉक्टर ने की मदद
इस बारे में एक अखबार का दावा है कि 36 वर्षीय कबायेवा की वजह से ही कुलाकोव के अस्पताल के वीआईपी फ्लोर को खाली कराया गया था। बच्चों के जन्म के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। डेली मेल ने सूत्रों के हवाले से बताया, कबायेवा ने दो बच्चों को जन्म दिया है। सिजेरियन डिलिवरी में इटली के डॉक्टर ने मदद की। कबायेवा खेल जगत से दूर होने के बाद मॉडल बन गई थीं। वह 2014 तक सांसद भी रहीं। अब एक नेशनल मीडिया ग्रुप की प्रमुख हैं।
पुतिन की 'सीक्रेट फर्स्ट लेडी'
राष्ट्रपति पुतिन से 30 साल छोटी कबायेवा को निकनेम 'द सीक्रेट फर्स्ट लेडी' से जाना जाता है। 'वॉइस ऑफ अमेरिका' के अनुसार, 2008 में भी अफवाह थी कि कबायेवा ने निजी स्विस क्लीनिक में एक बेटी को जन्म दिया था। अभी की तरह तब भी क्रेमलिन ने इसका खंडन किया था।
2013 में हुआ था तलाक
पुतिन निजी जीवन के बारे में सार्वजनिक तौर पर कभी खुलासा नहीं करते। उन्होंने कई बार कबायेवा के साथ रिश्तों से इनकार किया है। 2013 में पुतिन ने पत्नी ल्यूडमिला के साथ 30 साल का रिश्ता खत्म कर दिया था। पुतिन ने 1983 में भाषाविद् ल्यूडमिला पुतिन से शादी की थी। ल्यूडमिला से उनकी दो बेटियां हैं। उनकी दोनों बेटियां कैटरीना और मारिया राजनीति से दूरी रखती हैं। खुद पुतिन ने भी अपने पारिवारिक जीवन के बारे में कभी जिक्र नहीं किया।