सिंधिया ने राजा महाराजा वाले सवाल पर सीएम पर साधा निशाना, शाह को बताया महाकाल के नियम तोड़ने वाला
मध्य प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राजा-महाराजा वाला सवाल 30 साल पहले मेरी दादी से पूछना चाहिए था। वह अब क्यों पूछ रहे हैं। उन्होंने यह बात एक सवाल के जवाब में मीडिया से कही।
आजादी के बाद सभी लोग हैं
सिंधिया ने कहा कि सीएम जनता के बीच कहते हैं कि हम राजा महाराजा हैं लेकिन आजादी के बाद से सभी लोग हैं। उन्होंने कहा कि जब 30 साल पहले शिवराज कार्यकर्ता थे तो उन्हें ये बात मेरी दादी विजयाराजे सिंधिया से पूछनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अभी भी सीएम मेरी बुआ वसुंधरा राजे और यशोधराराजे से ये सवाल पूछ सकते हैं।
शाह को महाकाल का सम्मान न करने वाला बताया
सिंधिया ने उज्जैन में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान का सम्मान नहीं कर सकते वो जनता का क्या सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर में केवल सोला पहनकर ही दर्शन किए जाते हैं लेकिन उन्होंने कुर्ता पायजामा पहनकर दर्शन किए।
सरकार का असली चेहरा उजागर करने की कही बात
उज्जैन में शनिवार को चुनाव अभियान समिति की बैठक में सिंधिया ने सभी से कहा कि जनता के बीच आएं और सरकार का असली चेहरा लोगों के बीच लाएं। यहां उन्होंने 40 सदस्यों की बैठक की। उन्होंने महिलाओं और बेरोजगारों को जोड़ने की बात पर भी जोर दिया और आगे की रणनीति पर चर्चा की।
गौरतलब है कि हाल ही में जन आशीर्वाद रैली में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भावुक हो गए थे और उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर जमकर निशाना साधा। एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वे पिछड़ा वर्ग के सामान्य परिवार से आते हैं इसीलिए राजा-महाराजा उन्हें परेशान कर रहे हैं।