जिंदा रहने के लिए कांग्रेस से गिड़गिड़ा रहे केजरीवाल: योगेंद्र यादव

आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेता आशुतोष ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया है। इस पर केजरीवाल के पूर्व साथी रहे योगेंद्र यादव ने कहा कि जो आम आदमी पार्टी कांग्रेस की आलोचना करते हुए पैदा हुई, आज वह जिंदा रहने के लिए और महागठबंधन में आने के लिए कांग्रेस के ही सामने गिड़गिड़ा रही है।
आज केजरीवाल की स्थिति यह हो गई है कि वे सिर्फ कांग्रेस की मेहरबानियों पर ही जिंदा रह सकते हैं। आप पार्टी की इससे बुरी हालत और क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के इस हश्र के लिए सिर्फ केजरीवाल जिम्मेदार हैं। उनकी जिद और सिर्फ अपने को ही सही मानने की सनक ने आज पार्टी के शीर्ष लोगों को उनसे अलग होने को मजबूर कर दिया। आने वाले चुनाव में पार्टी को अरविंद केजरीवाल की इस जिद की कीमत चुकानी पड़ेगी।
योगेंद्र यादव ने कहा कि जब हमने अरविंद केजरीवाल का साथ छोड़ा था, तब पार्टी सत्ता के शिखर पर थी। अगर कुछ पाने के लिए गलत बातों से समझौता करना होता, सत्ता का स्वाद चखना होता, तो हम वह कर सकते थे, लेकिन हमने वैसा नहीं किया क्योंकि यहां हम एक गलत व्यवस्था को बदलने आए थे, उसका हिस्सा बनने के लिए नहीं।
क्षेत्रीय दल बनकर रह गई आप
स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी एक क्षेत्रीय दल बनकर रह गई है। जिस तरह से क्षेत्रीय दलों में लोग आते-जाते रहते हैं, आम आदमी पार्टी का आज वही स्तर होकर रह गया है। यादव ने कहा कि जब तक आम आदमी पार्टी सिद्धांतों की राजनीति करती थी, तब तक उसकी खबर लोगों की रुचि के लिए विशेष हुआ करती थी, लेकिन आज आप पार्टी से किसी नेता का जाना उसके आंतरिक मामले से ज्यादा कुछ नहीं है। आज किसी को इससे कुछ लेना-देना नहीं रह गया कि इस पार्टी में क्या हो रहा है।
अगले लोकसभा चुनाव और हरियाणा विधानसभा चुनाव में आप की स्थिति क्या हो सकती है, इस सवाल पर योगेंद्र यादव ने कहा कि जमीनी स्थिति सामने दिख रही है। दिल्ली तक में अपने अस्तित्व के लिए पार्टी को संघर्ष करना पड़ रहा है। जमीन पर उसकी गतिविधियों में कोई हलचल नहीं है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर उसकी भूमिका नगण्य ही रहने वाली है।