दुष्यंत ने चाचा अभय पर बोला हमला, खुद को बताया ऐसा अभिमन्यु

चौटाला परिवार व इनेलो की जंग अब महाभारत में तब्दील होती जा रही है। इनेलो से निष्कासित दुष्यंत चौटाला अब चाचा अभय सिंह चौटाला और उनके समर्थकों पर सीधे निशाना साधा रहे हैं। दुष्यंत ने खुद काे अभिमन्यु करार देते हुए कहा है कि उन्हें चक्रव्यूह से निकलना आता है। दुष्यंत ने पार्टी से अपने निष्कासन को भी चुनौती दी है। अजय चौटाला ने अभय को दुर्योधन की संज्ञा दी थी, लेकिन दुष्यंत ने उन्हें जयचंद तक करार दे दिया है।
ट्वीट कर अभय चौटाला और उनके खेमे पर साधा निशाना
दुष्यंत चौटाला ने पहले शनिवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में आक्रामक तेवर दिखाए और अब ट्वीट कर विरोधियों पर निशाना साधा है। दुष्यंत ने ट्वीट में खुद को अभिमन्यु बताते हुए चक्रव्यूह में फंसाने की साजिश की बात कही है। उन्हाेंने लिखा है, 'वक्त का रुख बदलना हमें आता है, कांटों पर भी अच्छे से चलना अाता है, भ्ूल बैठे की चक्रव्यूह से निकलना हमें आता है।' इस तरह दुष्यंत ने इनेलो व चौटाला परिवार में 'युद्ध' के और तेज होने का साफ संकेत दे दिया।
दुष्यंत ने अभय चौटाला को जयचंद बताते हुए कहा, विधानसभा में कर रहे भाजपा की मदद
इससे पहले दुष्यंत चौटाला चंडीगढ़ में करीब एक दर्जन प्रमुख नेताओं के साथ मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान वह बेहद आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने पहली बार अभय चौटाला पर सीधे हमला किया।
दुष्यंत ने अभय चौटाला पर विधानसभा में भाजपा की मदद करने के भी खुले आरोप लगाए। उन्होंने कहा 'हमने विधानसभा से बाहर रहते हुए दवा घोटाला, छात्र संघ के चुनाव और सरकार के कई भ्रष्टाचार के मामले उठाए, लेकिन विधानसभा में कुछ लोग भाजपा का साथ देते नजर आते हैैं।' उनका इशारा अभय चौटाला की तरफ था।
दुष्यंत ने कहा, दिग्विजय चौटाला और मुझ पर गोहाना रैली में हुड़दंगबाजी के आरोप लगाए गए। इसके हमें कोई सबूत उपलब्ध नहीं कराए गए। मेरे पिता अजय चौटाला 40 साल से सक्रिय राजनीति कर रहे हैैं। हमारे पूरे परिवार ने देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला की विचारधारा को आगे बढ़ाया। अब कुछ जयचंद किस्म के लोग हमारे संघर्ष और प्रयासों को तोड़ना चाहते हैैं।