Public Khabar

चौबेपुर: कादीपुर स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

चौबेपुर के कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

चौबेपुर: कादीपुर स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
X
वाराणसी. चौबेपुर क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। यह घटना कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास 3 फरवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार जैतपुरा थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी इसराइल का पुत्र परवेज उम्र करीब 45 वर्ष वाराणसी से ट्रेन के जरिए यात्रा कर रहा था। जब ट्रेन कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी वह अचानक ट्रेन से गिर पड़ा।

गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल, पांडेयपुर ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।

इस मामले में चौबेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags:
Next Story
Share it